खरगोन। जिले के ग्राम बोरावां में मंगलवार दोपहर 33 केवी विद्युत लाइन मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक ठेका कर्मचारी को करंट लगने से गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल पहुंचे विद्युतकर्मी विनोद भालसे, अशोक वर्मा ने बताया कि बोरावां से भनगांव तक विद्युत लाईन का परमिट लेकर मेटनेंस कार्य किया जा रहा था। वर्मा ने बताया इसके लिए कटोरा फीडर की सप्लाय भी बंद की थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे बोरावां क्षेत्र में खेत से गुजर रही विद्युत लाईन पर पौधों की रैले चढ़ी होने पर आउटसोर्स कर्मचारी रवि वर्मा निवासी दोगावां पोल पर चढ़कर रैले काट रहा था, इसी दौरान उसे करंट का झटका लगा, जिससे उनके हाथ चल गए। वह करीब 25 से 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। संभवत विद्युत लाईन में रिटर्न आने से यह हादसा हुआ। रवि को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।