खरगोन। शहर में शासन-प्रशासन के नीति- नियमों को धत्ता बताकर धड़ल्ले से कॉलोनियां काटने के साथ ही बसाहट की जा रही है। कॉलोनाईजर द्वारा दिखाए गए सब्जबाग के झांसे में आकर प्लॉट खरीदने के बाद रहवासी बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे है। ऐसा ही मामला मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां बीटीआई रोड़ स्थित केजीएन नगर के रहवासियों ने कॉलोनाईजर के खिलाफ धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचे कादीर, नफीस, सफदर, मुबारिक आदि ने बताया कि आनंद नगर के समीप केजीएन नगर में वर्तमान में कॉलोनी में करीब 30 से अधिक मकान बने हुए है, जहां ड्रेनेज लाईन का गंदा पानी निकासी की कोई व्यवस्था नही है। गंदा पानी ड्रेनेज चेंबर से ओवर फ्लो होकर खाली प्लॉटों पर जमा हो रहा है। कई घरों पर बिजली के तार झूल रहे है। सज्जाद खान ने बताया मकान बना लिया अब तार नही हटने से छत पर आवाजाही नही कर पा रहे। इसके अलावा पानी के लिए एक ट्यूबवेल है, जिससे पर्याप्त पानी नही मिल पा रहा।