नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत नीमच जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक 16 दिवसीय विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 जुलाई 2025 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, मंडियों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं, किसानों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और नशा न करने की शपथ दिलाना था।
थाना रतनगढ़ में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई। थाना रामपुरा में कृषि मंडी में किसानों को संबोधित कर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। थाना केंट द्वारा नशा मुक्ति रथ शहर के मुख्य मार्गों पर चलाया गया। थाना नीमच सिटी, बघाना, जावद, मनासा, सिंगोली, कुकड़ेश्वर, जावद सहित जिले के कुल 11 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। इन आयोजनों के दौरान पेम्पलेट्स, पोस्टर, बैनर वितरित कर जागरूकता फैलाई गई।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश में सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में भागीदार बनें और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।