मंदसौर। पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रक्षित निरीक्षक मनोज कुमार सोलंकी एवं थाना प्रभारी यातायात द्वारा स्कूली वाहनों की सघन जांच हेतु शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके लिए पृथक-पृथक टीमों का गठन कर प्रतापगढ़ पुलिया, बीपीएल चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों पर चेकिंग की गई। अभियान के तहत 145 स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिनमें 25 स्कूल बसें, 30 टेम्पो, 25 मैजिक वाहन, 65 ऑटो शामिल थे।
चेकिंग के दौरान सभी चालकों के दस्तावेजों की जांच की गई। सही दस्तावेज पाए जाने पर वाहन चालकों को समझाइश देकर छोड़ा गया, जबकि अपूर्ण दस्तावेज अथवा नियमित यूनिफॉर्म में न होने पर कुल 38 वाहनों के चालान बनाए गए। इस दौरान कुल 19,000 का समन शुल्क वसूला गया।
टीम द्वारा वाहन चालकों को मोटरयान अधिनियम का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे चेकिंग अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।