भानपुरा। थाना भानपुरा की 100 डायल एफआरवी टीम द्वारा रात्रि गश्त के दौरान सतर्कता दिखाते हुए एक गुमशुदा व्यक्ति को खोज निकालने में सफलता प्राप्त की गई। जानकारी के अनुसार, दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर एफआरवी टीम द्वारा पूछताछ की गई। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम कन्हैयालाल पिता बंसीलाल बागड़ी, निवासी आकली दीवान थाना शामगढ़ बताया।
जांच करने पर पता चला कि कन्हैयालाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 जुलाई (सोमवार) को थाना शामगढ़ में दर्ज की गई थी। एफआरवी 100 डायल चालक राकेश विश्वकर्मा एवं आरक्षक भगत सिंह जादौन ने इस जानकारी को तत्काल थाना प्रभारी रमेशचंद्र डांगी को अवगत कराया।
थाना प्रभारी डांगी ने तत्परता दिखाते हुए थाना शामगढ़ से संपर्क कर गुमशुदा व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की और उसे सुरक्षित रूप से उसके भाई के सुपुर्द किया गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए थाना प्रभारी रमेशचंद्र डांगी ने एफआरवी टीम के चालक राकेश विश्वकर्मा एवं आरक्षक भगत सिंह जादौन की प्रशंसा करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ और जागरूक कार्यशैली की सराहना की।