रीवा। मुख्यालय से 80 किमी दूर चाकघाट स्थित सीएम राइज स्कूल में बच्चों को परोसे गए मिड डे मील का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों को दाल और सब्जी के नाम पर पानी दिया जा रहा है, जबकि चावल अधपका है।
वीडियो में देखा गया कि जब खाना बांट रही महिला को कैमरे की भनक लगी, तो उसने घबराकर बच्चों को खाना देने की बजाय दाल और सब्जी के बर्तन से सिर्फ पानी निकालकर फेंकना शुरू कर दिया। दाल में न दाल दिख रही थी और सब्जी में कोई आलू नहीं था।
बच्चे बोले- चावल अधपका, कुछ ने भोजन गाय को खिला दिया
बच्चों ने कैमरे के सामने बताया कि चावल अधपका था और सब्जी-दाल सिर्फ पानी की तरह थी। कुछ बच्चों ने वह खाना खुद न खाकर गाय को खिला दिया। इससे मिड-डे मील योजना की जमीनी हकीकत उजागर होती है।
स्थानीय का आरोप- जानवरों के भी लायक नहीं खाना
स्थानीय निवासी शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि बच्चों को ऐसा भोजन परोसा जा रहा है, जो जानवरों को भी देने लायक नहीं। यह केवल एक स्कूल की बात नहीं है, अधिकांश सरकारी स्कूलों की यही स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन बच्चों की शिक्षा और पोषण पर करोड़ों रुपए खर्च करने का दावा करता है, लेकिन हकीकत में बच्चों के निवाले का बजट ऊपर से नीचे तक बंदरबांट का शिकार हो रहा है।