मनासा। देवरी खवासा में गुरुवार को हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर घाटी वाले हनुमान मंदिर एवं समीप स्थित शनि मंदिर परिसर में पारंपरिक हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह हवन विगत कई वर्षों से गांव व आसपास के ग्रामीणों द्वारा धार्मिक श्रद्धा और परंपरा के साथ किया जाता रहा है।
इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने बड़ी आस्था व उत्साह के साथ हवन यज्ञ में भाग लिया। हवन पूर्ण होने के पश्चात घाटी वाले बालाजी, कुड़ी वाले बालाजी एवं शनि मंदिर में विशेष आरती की गई। कार्यक्रम के पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें गांव एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसादी ग्रहण की।
ग्रामीणों ने इसे सामूहिक धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का प्रतीक आयोजन बताया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि ग्रामीण एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी जीवित रखते हैं।