नीमच। आज दिनांक 24 जुलाई 2025 को आयुष विभाग अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला के द्वारा जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोरना के निर्देशन में शासकीय माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा हाड़ा में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बीपी, शुगर की निशुल्क जांच की गई तथा आमवात, संधिवात, उदर रोग, रक्तचाप, रक्ताल्पता, स्त्री रोग, मधुमेह आदि रोगों का आयुर्वेद पद्धति से उपचार किया गया। मरीजों को आवश्यक औषधियाँ निशुल्क वितरित की गईं। साथ ही विद्यालय के बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा देते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए और परामर्श के साथ औषधियाँ उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 66 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इस शिविर में डॉ. विमला पाटीदार, भावना बैरागी, हरीश दास बैरागी तथा विनीत सोनी द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर को सफल बनाने में शासकीय माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा हाड़ा के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया। ग्रामीणजनों ने इस पहल के लिए आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया।