नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत 24 जुलाई को जिलेभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम और "नशे को कहें ना" हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
प्राइवेट बस स्टैंड नीमच पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर नशा न करने की शपथ दिलवाई। अभियान में रक्षित निरीक्षक विक्रमसिंह भदौरिया, निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान, सुबेदार सुरेश सिसौदिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
जिले के 14 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों—जैसे पिपली चौक नीमचसिटी, बस स्टैंड कुकड़ेश्वर, केदारेश्वर मंदिर रामपुरा, जावद मंडी, नीमच कैंट, जीरन, बघाना, रतनगढ़, सिंगोली आदि स्थानों पर भी एक साथ हस्ताक्षर अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम/नगर सुरक्षा समितियों, विद्यार्थियों और आमजन को नशा त्यागने की शपथ दिलाई गई और उन्हें नशे से होने वाले सामाजिक व स्वास्थ्यगत दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित कर रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जा रही है। नीमच पुलिस की अपील: आमजन इस जनहित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।