मनासा। शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोरना के निर्देशन में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन गुरुवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, कब्ज, श्वास, खांसी, सर्दी-जुकाम, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, स्त्री रोग तथा मधुमेह जैसी विभिन्न बीमारियों की जाँच की गई। रोगियों को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया और आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई और उनके लिए उपयोगी औषधियाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
इस चिकित्सा शिविर में कुल 82 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में डॉ. मदनलाल पाटीदार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं सुश्री सुशीला खिंचावत ने सेवाएँ प्रदान कीं।
शिविर के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद पद्धति की उपयोगिता और प्राकृतिक उपचार के लाभ से अवगत कराया गया, जिसे लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।