सिंगोली। तहसील क्षेत्र के ग्राम हरिपुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर गुरुवार को निःशुल्क सर्वरोग निदान आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही शासन द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत ग्रामीणों को नशा और उसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोराना के निर्देश पर थडौद आयुर्वेदिक औषधालय द्वारा किया गया। शिविर में मलेरिया, डेंगू जैसे वर्षाजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामपाल वर्मा द्वारा आमवात, संधिवात, चर्म रोग, उच्च रक्तचाप, अतिसार, श्वास, दमा, अस्थमा आदि बीमारियों से पीड़ित कुल 182 रोगियों की जांच कर उपचार किया गया। शिविर में बीपी, शुगर एवं रक्ताल्पता की निःशुल्क जांच भी की गई।
शिविर के सफल संचालन में संजू कुमारी, गोविंददास, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने शिविर को लेकर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की सराहना की।