मनासा। ग्राम भारती मनासा द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, बरथून में हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों (भैया-बहनों) को गेंदा फूल का एक-एक पौधा वितरित किया गया। इस अवसर पर सभी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय द्वारा विद्या भारती के आओ पेड़ लगाएं अभियान के अंतर्गत भैया-बहनों को एक पौधा लगाकर संबंधित मोबाइल ऐप पर उसकी जानकारी अपलोड करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालय आचार्य परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधानाचार्य विनोद धनगर ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व के बारे में बताया कि पेड़ हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, वर्षा लाने में सहायक होते हैं, लकड़ी, जड़ी-बूटियों सहित अनेकों उपयोगी संसाधन भी पेड़ों से प्राप्त होते हैं।
विद्यालय के निर्देशानुसार भैया-बहनों ने अपने अभिभावकों के सहयोग से मोबाइल ऐप का उपयोग करते हुए पौधारोपण कर एक सराहनीय कार्य किया। इस पर्यावरणीय जागरूकता और सहभागिता के लिए विद्यालय परिवार ने भैया-बहनों एवं अभिभावक बंधुओं का आभार व्यक्त किया।