कुकड़ेश्वर। श्री सहस्त्रमुखेश्वर महादेव की पावन नगरी कुकड़ेश्वर में प्रशासन और पुलिस विभाग की लापरवाही के चलते बस स्टैंड क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। नगर के प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड, सदर बाजार, सेंट्रल बैंक चौराहा, लालबाई-फूलबाई मंदिर मार्ग से लेकर महादेव मंदिर तक की सड़कें अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात की चपेट में हैं। वाहन मालिक अपनी मर्जी से जहां-तहां फोर व्हीलर और टू व्हीलर खड़े कर देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को रास्ता मिलना भी मुश्किल हो गया है।
मुख्य मार्गों पर ठेले और सब्जी की गाड़ियाँ भी अनियंत्रित रूप से खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। नागरिकों के अनुसार प्रतिदिन शाम 4.00 से 7.00 बजे तक सेंट्रल बैंक से पुलिया मार्ग तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते हैं और राहगीरों को भारी असुविधा होती है। इसके बावजूद अब तक न तो पुलिस प्रशासन और न ही नगर परिषद ने कोई ठोस कार्यवाही की है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में न तो ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई पुलिसकर्मी तैनात किया गया है और न ही लंबे समय से कोई शांति समिति की बैठक आयोजित हुई है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि प्रशासन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
नगरवासियों ने शासन और प्रशासन से अपील की है कि कुकड़ेश्वर की बिगड़ती व्यवस्थाओं पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। विशेष रूप से अतिक्रमण हटाने, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि नगरवासी राहत की सांस ले सकें।