नीमच। शहर के नीमच सिटी के शहीद पार्क में आज कारगिल विजय दिवस अत्यंत गौरव और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, साथ ही उन माता-पिता का सम्मान भी किया गया जिन्होंने अपने बेटों को राष्ट्र सेवा के लिए सेना में भेजा है।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, प्रसिद्ध कवियत्री प्रेरणा ठाकरे, आरआई विक्रम सिंह भदौरिया, पूर्व सैनिक कैप्टन बोरीवाल, चतर सिंह गहलोत, और पर्वत सिंह मंचासीन रहे। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे लिए केवल एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे गौरव का प्रतीक है।
परिहार ने सभी नागरिकों से राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वाेपरि रखने और राष्ट्र की सेवा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आतंकवाद की कोई जाति नहीं होती और इतिहास सदैव वीरों का पढ़ा जाता है। कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और कवियत्री प्रेरणा ठाकरे ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर, सेना में सेवारत जवानों के माता-पिता और परिजनों को गौरव प्रतीक भेंट कर और सम्मान स्वरूप उपर्णा पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के समापन पर पौधारोपण किया गया।कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र सिंह परिहार ने किया।