नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई तक चल रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत नीमच जिले में 26 जुलाई को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना बघाना द्वारा ग्राम झांझरवाड़ा स्थित चाईम्स एविएशन अकादमी में पायलट प्रशिक्षुओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। वहीं, रामपुरा थाना द्वारा कॉलेज ग्राउंड पर क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया और शपथ दिलाई गई। विजेता टीम को 2100 रुपये और उपविजेता टीम को 1100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
थाना जावद क्षेत्र में कोचिंग सेंटर व बाजारों में छात्रों, व्यापारियों व नागरिकों के साथ संवाद कर नशा विरोधी संदेश दिया गया। जिले के कुल 11 सार्वजनिक स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान व जनसंवाद का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम जारी हैं। नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।