कुकड़ेश्वर। आगामी 4 अगस्त को नगर में आयोजित होने वाली भगवान सहस्त्रमुखेश्वर भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसको लेकर श्रावण उत्सव मंडल समिति के सदस्यों द्वारा नगर में भ्रमण कर आमजन को निमंत्रण दिया गया एवं आयोजन में सहभागिता की अपील की गई।
समिति सदस्यों ने नगर के प्रमुख मार्गों पर जाकर लोगों से भेंट की और उन्हें बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शाही बारात अत्यंत भव्यता के साथ निकाली जाएगी। इस दौरान झांकियां, डीजे, ढोल-नगाड़े, भजन-कीर्तन आदि आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
सदस्यों ने सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से सहयोग प्रदान करने और आयोजन को सफल बनाने की भावपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे नगर की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।