उज्जैन। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां देशभक्ति और आस्था की अद्वितीय छवि बनी। मंदिर के बैंड ने जब देशभक्ति गीतों की धुन छेड़ी, तो पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। श्रद्धालु, जो देश-विदेश से आए थे, बैंड की धुन पर झूमते और नाचते नजर आए।
जैसे ही बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू की, भक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। भक्तों ने बाबा महाकाल के जयकारे लगाए और श्भारत माता की जयश् के नारे लगाते हुए पूरा परिसर गूंज उठा। कई श्रद्धालु तिरंगे को लेकर देशभक्ति के नारे भी लगाने लगे, जिससे माहौल में जोश और भी बढ़ गया।
श्रद्धालुओं ने इस अवसर को विशिष्ट बताया। उनके अनुसार, बाबा महाकाल के दर्शन करना अपने आप में एक बड़ा सौभाग्य है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उनके दरबार में देशभक्ति गीतों पर नाचने का अनुभव और भी खास है। भक्तों ने इस अनुभव को धन्य बताया, और कहा कि मंदिर का वातावरण ऐसा लग रहा था मानो पूरा देश एक साथ आजादी का जश्न मना रहा हो।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर को भव्य सजावट के साथ तैयार किया गया है। मंदिर के शिखर से लेकर नीचे तक तिरंगे के स्वरूप में तीन लेयर में सजावट की गई है, जिसे तीन बड़े पर्दों के माध्यम से दर्शाया गया है। इस आयोजन ने सभी को एकता और देशभक्ति के जज़्बे से भर दिया।