सरवानिया महाराज। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद कार्यालय परिसर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद पुलिस चौकी प्रभारी गोपाल तनान के नेतृत्व में पुलिस बल ने राष्ट्रीय ध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
समारोह में नगर परिषद के पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अस्पताल एवं सोसायटी स्टाफ, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।