मुरैना। देशभर के साथ मुरैना जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जिलेभर में सैकड़ों स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक प्रदर्शनी और रैली निकाली गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना द्वारा सम्मानित किया गया। पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।