नीमच। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों सहित नीमच जिले के सभी नागरिकों को 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
प्रभारी मंत्री भूरिया ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। यह दिवस स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ राष्ट्रसेवा, समर्पण एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी और सामाजिक समरसता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।