रामपुरा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल मशाल रैली का आयोजन किया गया। हाथों में मशाल और भगवा ध्वज थामे बड़ी संख्या में युवा एवं नगरवासी रैली में शामिल हुए। देशभक्ति नारों और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
मशाल रैली का शुभारंभ मठ मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लालबाग मैदान पहुंची। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लालबाग मैदान में भव्य आतिशबाजी की गई, जिसके बाद भारत माता की आरती की गई।
आरती के पश्चात उपस्थित युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। रैली के दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था भी माकूल रही।
मशाल रैली के माध्यम से युवाओं ने राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।