कुकड़ेश्वर। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते सभी नदी-नाले उफान पर हैं। बीती रात से जारी मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
सहस्त्रमुखेश्वर महादेव मंदिर का तालाब भी बारिश से लबालब भर गया है, जो अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। वहीं, कुकड़ेश्वर से 3 किमी दूर ग्राम हनुमंतिया में तालाब का पानी आसपास के घरों में घुस गया है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
लगातार वर्षा को देखते हुए नीमच जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। हालांकि, मनासा तहसील के कुछ निजी स्कूलों द्वारा प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करते हुए स्कूल संचालित किए गए, जिससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।