भोपाल। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव, कांग्रेस के विधायकों, नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में आज भोपाल के जवाहर चौक पर ओबीसी महासभा द्वारा पिछड़ा वर्ग आरक्षण और जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी की मांग को लेकर विशाल रैली और प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से आए हजारों कार्यकर्ताओं, ओबीसी महासभा के प्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महासभा की रैली के दौरान “13 प्रतिशत होल्ड हटाओ, जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी दो” जैसे नारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा।
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने कहा कि “वर्तमान सरकार लगातार पिछड़ा वर्ग के अधिकारों और उनके संवैधानिक हक के साथ खिलवाड़ कर रही है। 13 प्रतिशत आरक्षण सीमा (होल्ड) का प्रावधान पिछड़ा वर्ग के युवाओं और समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करती है कि जब तक पिछड़ा वर्ग को उनकी जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी नहीं मिलती, यह संघर्ष जारी रहेगा।
महासभा के बैनर तले आयोजित रैली में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से निम्नलिखित मांगें रखींः
1. 13 प्रतिशत होल्ड को तत्काल समाप्त किया जाए।
2. पिछड़ा वर्ग को उनकी जनसंख्या अनुपात में आरक्षण और हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए।
3. समाज की शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक उन्नति के लिए विशेष योजनाएं और बजट प्रावधान किए जाएं।
साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जन आंदोलन खड़ा करेगी और विधानसभा तक बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महासभा के प्रतिनिधियों ने नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष और तेज होगा।