नीमच। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नीमच नगर पालिका परिसर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने शहरवासियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से अनुशासन का पालन करने, अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा देशहित में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता और राष्ट्रप्रेम के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे भी छोड़े गए। नगर पालिका अध्यक्ष ने अपना शुभकामना संदेश भी वाचन किया।
समारोह में सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।