दतिया। दतिया के विश्व प्रसिद्ध मां पीताम्बरा पीठ मंदिर परिसर में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक मतभेदों से परे दोस्ती और सौहार्द की मिसाल पेश की। मंदिर में आयोजित भंडारा प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे पूर्व बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस नेता अवधेश नायक का अचानक आमना-सामना हो गया।
राजनीतिक मंचों और बयानों में एक-दूसरे के खिलाफ रहने वाले दोनों नेता जैसे ही पीताम्बरा पीठ के भंडार कक्ष में आमने-सामने आए, माहौल पूरी तरह से आत्मीय हो गया। दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया और गर्मजोशी से गले लगाया।
भंडार कक्ष में हुई इस मैत्रीपूर्ण और अनूठी मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने कुछ देर रुककर हाल-चाल जाना और बातचीत की। पवित्र धार्मिक स्थल पर देखने को मिली इस आत्मीयता की दतिया के गलियारों में जोरों पर चर्चा है। इस मुलाकात की तस्वीरें और किस्से क्षेत्र के राजनीतिक हलकों में उत्सुकता और कौतूहल का विषय बने हुए हैं।