भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अमर बलिदानियों को नमन करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने का आह्वान किया। सीएम मोहन ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि आज जब हम स्वतंत्रता के 79 गौरवशाली वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं, तब उन सभी अमर शहीदों को कृतज्ञतापूर्वक नमन है, जिन्होंने मातृभूमि की आजादी और रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि आत्ममंथन और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को फिर से स्मरण करने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश तथा सशक्त भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लें।