इंदौर। क्रिकेटर रजत पाटीदार सोमवार को सीएम से मिले। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आईपीएल टीम आरसीबी के रजत पाटीदार ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पाटीदार का पुष्पगुच्छ देकर और अंगवस्त्र से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश-विदेश में मप्र का नाम रौशन करने के लिए रजत पाटीदार को राज्य सरकार की ओर से पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपए देने की घोषणा की हैं।
इस सीजन में टीम ने जीते थे 11 मैच
इंदौर के रहने वाले रजत पाटीदार ने इस साल आईपीएल टीम की कमान संभाली थी। आईपीएल में रजत पहली बार किसी टीम की कप्तानी कर रहे थे और इस सीजन में उन्होंने अपनी टीम को 11 मैच जिताए हैं। आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब पहली बार रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने नाम किया था।
रजत ने इस आईपीएल में 15 मैच में 143.77 के स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए। इस सीजन वे दो फिफ्टी भी लगा चुके हैं। अब तक वे आईपीएल में 1111 रन बना चुके हैं। रजत राइट-हैंड टॉप ऑर्डर के बैटर और ऑफ स्पिनर हैं। बता दें की रजत का जन्म 1 जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर की एक बिजनेस फैमिली में हुआ। 8 साल की उम्र से रजत ने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनकी प्रतिभा को सबसे पहले उनके दादा ने पहचाना और एक क्रिकेट एकेडमी में एडमिशन करा दिया। उनके परिवार में पिता मनोहर पाटीदार, मां मंजू पाटीदार, भाई महेंद्र पाटीदार और बहन सुनीता पाटीदार हैं।
रजत ने न्यू दिगंबर जैन पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक गेंदबाज के रूप में की और अंडर-15 के बाद बैटिंग पर फोकस किया। 10 साल के होते-होते अपनी उम्र से बड़े लड़कों के साथ मैच खेलने लगे थे।
2015 से रणजी ट्रॉफी में एंट्री ली
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में, रजत पाटीदार को मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया, जहां वे 9 पारियों में 61.14 की औसत और 186.08 की स्ट्राइक रेट से 5 अर्ध शतकों के साथ 428 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। रजत पाटीदार के नाम रणजी ट्रॉफी में 5वां सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है, उन्होंने हरियाणा के खिलाफ सिर्फ 68 गेंदों में 100 रन बनाए। इस मैच के अंत में उनका स्कोर 159 रन था।
क्रिकेट के लिए टाली थी शादी
रजत की शादी साल 2022 में रतलाम की गुंजन पाटीदार से हुई थी। दोनों मई में शादी करने वाले थे लेकिन क्योंकि रजत को आरसीबी की ओर से खेलना था इसलिए उन्होंने अपनी शादी पोस्टपोन कर दी थी और ऐसा एक बार नहीं उन्होंने कई बार ऐसा किया था। 2022 के आईपीएल प्लेऑफ में रजत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शतक जड़ टीम को जीत दिलाई थी। इसके बाद टीम में उनकी जगह पक्की हो गई और उन्हें एक बार फिर अपनी शादी की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी। रजत अपनी निजी जिंदगी को बहुत प्राइवेट रखते हैं। उनकी पत्नी के बारे में ज्यादा जानकारी लोगों को नहीं पता।
किसी के चोटिल होने, टीम छोड़ने पर आईपीएल में मौका मिला
साल 2021 में आरसीबी में रजत पाटीदार को शामिल किया गया था लेकिन इस साल वो कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। 2022 के ऑक्शन में वो बिना बिके ही रहे लेकिन लुवनिथ सिसोदिया के चोटिल होने के बाद उन्हें आरसीबी में शामिल किया गया। इसी साल उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शतकीय पारी खेल टीम में जगह पक्की की। आईपीएल 2023 में आरसीबी ने उन्हें रीटेन किया लेकिन एड़ी में चोट की वजह से नहीं खेल पाए। इसके बाद साल 2024 में 13 इनिंग्स में 395 रन जड़े। फाफ डु प्लेसिस के आरसीबी से अलग होने के बाद 2025 में रजत को टीम का कप्तान बनाया गया।