नीमच। शहर के टैगोर मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है। सोमवार को एसडीएम संजीव साहू के नेतृत्व में फव्वारा चौक से शुरू हुई इस कार्रवाई में दुकानदारों को फुटपाथ से स्थायी और अस्थायी कब्जे हटाने की चेतावनी दी गई। कई बोर्ड और बैनर जब्त किए गए, जबकि अवैध स्थायी निर्माणों को जेसीबी से हटाया गया। टीम ने दुकानों के बाहर 10 से 20 फीट तक सामान रखने वाले और बड़े शोरूम संचालकों द्वारा फुटपाथ पर किए गए कब्जों पर भी सख्त रुख अपनाया। कई दुकानदारों को फटकार लगाई गई और फोर जीरो के पीछे सड़क किनारे हो रहे एक अवैध निर्माण को भी रोका गया।
एसडीएम साहू ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा। मंगलवार को टीम टैगोर मार्ग का फिर से दौरा करेगी और जिन दुकानदारों ने चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य नीमच के मुख्य मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाना और नागरिकों के लिए आवागमन को आसान बनाना है।