नीमच। शहर की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणा समाज उत्थान समिति द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। समिति ब्यूटी एंड वेलनेस वर्कशॉप 2025 का आयोजन कर रही है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सौंदर्य, व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक कौशल प्रदान करना है। यह 7 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 26 जुलाई से 2 अगस्त तक शहर के स्वर्णकार मांगलिक भवन में संचालित होगा। वर्कशॉप का समय प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस कार्यशाला में एक बेसिक कोर्स के तहत प्रतिभागियों को सौंदर्य प्रसाधन ब्यूटी से जुड़ी मूलभूत जानकारी, व्यक्तित्व विकास पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के गुर, ग्रूमिंग के आधुनिक तरीके और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में सिखाया जाएगा। प्रेरणा समाज उत्थान समिति का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह वर्कशॉप महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें एक बेहतर और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी।