नर्मदापुरम। जिले के होमगार्ड सैनिक श्याम सिंह राजपूत को राष्ट्रपति गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें यह सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों दिया जाएगा।
यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में असाधारण सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है। श्याम सिंह का चयन उनके 26 वर्षों की समर्पित सेवाओं को देखते हुए किया गया है, जिसमें उन्होंने बाढ़, जलभराव, मेले, पर्वों और विशेष आयोजनों में राहत व बचाव कार्यों के दौरान कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाई है।
चार होमगार्ड अधिकारियों को मिला राष्ट्रपति पदक
इस वर्ष मध्यप्रदेश से चार होमगार्ड अधिकारियों को यह प्रतिष्ठित पदक मिल रहा है।
चंदर सिंह चंदेरिया सहायक उप निरीक्षक, होमगार्ड, सीहोर
श्याम सिंह राजपूत होमगार्ड सैनिक, नर्मदापुरम
मोहनलाल शर्मा शाजापुर
संजीव कुमार शर्मा भोपाल
समाज में बने प्रेरणा स्रोत
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्याम सिंह राजपूत ने विपरीत परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देते हुए आपदा प्रबंधन में अनुकरणीय योगदान दिया है। उनके काम ने समाज में न केवल विश्वास जगाया, बल्कि वे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने हैं। उनकी उपलब्धियों पर नर्मदापुरम एसपी डॉ. गुरकरन सिंह, सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों व शहरवासियों ने उन्हें बधाई दी है।
पहले भी मिल चुका है राष्ट्रीय सम्मान
श्याम सिंह को इससे पहले जून 2024 में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा डायरेक्टर जनरल डिस्क अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। यह अवॉर्ड भी उनकी सतत उत्कृष्ट सेवाओं और आपात स्थिति में तत्परता को मान्यता देता है।
इस सम्मान के जरिए श्याम सिंह राजपूत ने न केवल नर्मदापुरम का नाम रोशन किया है, बल्कि होमगार्ड विभाग की कार्यशैली और समर्पण को भी नई पहचान दिलाई है।