नीमच। रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव मतदान संपन्न होने के बाद रविवार रात अचानक स्थगित कर दिए गए। मतगणना शुरू होने से ठीक पहले चुनाव अधिकारियों ने प्रक्रिया रोक दी और करीब दो घंटे बाद आपत्तियों का हवाला देकर चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी।
इस निर्णय के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों ने जमकर हंगामा किया तथा श्वोट चोर-वोट चोरश् के नारे लगाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती सहित उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष को हार का डर था, इसलिए दबाव बनाकर चुनाव रद्द कराए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और एसडीएम सीधे तौर पर इसके जिम्मेदार हैं। कांग्रेस ने इस प्रकरण के विरोध का ऐलान किया है।
चुनाव में कुल 309 प्रबंध समिति सदस्यों में से 252 ने मतदान किया। विभिन्न पदों के लिए 31 उम्मीदवार मैदान में थेकृ चेयरमैन (7), वाइस चेयरमैन (5), कोषाध्यक्ष (7) और राज्य प्रतिनिधि (12)। मतदान शाम 6.45 से 8.45 बजे तक चला।
सूत्रों के अनुसार मतगणना शुरू होने से पूर्व चुनाव अधिकारी एसडीएम संजीव साहू और अन्य अधिकारी स्थल छोड़कर चले गए। डेढ़ घंटे इंतजार के बाद लौटे अधिकारियों ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के पत्र का हवाला देते हुए कुछ आपत्तियों का निराकरण लंबित बताया और अंततः चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी।
इस फैसले से उम्मीदवारों और मतदाताओं में तीखी नाराजगी रही। लोगों का कहना था कि गैर राजनीतिक और सामाजिक संस्थाओं के चुनाव भी अब राजनीतिक दबाव की भेंट चढ़ रहे हैं, जो प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।