दतिया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान 15 अगस्त को होने वाले समारोह के सभी कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया।
रिहर्सल की शुरुआत 29वीं बटालियन की टुकड़ी के मार्च से हुई। इसके बाद जिला पुलिस बल सहित विभिन्न दलों ने कदमताल करते हुए परेड की। एसपी मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला और अपर कलेक्टर भूपेंद्र सिंह कुशवाह ने परेड की सलामी ली।
इस दौरान मुख्य समारोह में होने वाले मार्चपास्ट और अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। 15 अगस्त को सुबह 9 बजे पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित होगा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।