शिवपुरी। नगर पालिका में चल रहा युद्ध अब अंतिम दौर में आ गया है। अविश्वास प्रस्ताव की अभिलाषा रखने वाले सभी पार्षदों को आज जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र चौधरी ने हस्ताक्षर के वेरिफिकेशन के लिए कलेक्ट्रेट में बुलाया था। इस वेरिफिकेशन के लिए आज 19 पार्षद कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। जब पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए आवेदन किया था उस समय पार्षदों की संख्या 22 थी लेकिन आज 19 पार्षद कलेक्ट्रेट पहुंचे।
पिछले दो महीने से नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा की सरकार का तख्तापलट करने के लिए नगर पालिका के लगभग 20 पार्षदों ने करैरा के बगीचा सरकार हनुमान मंदिर पर शपथ ली थी। सभी पार्षदों का एक स्वर मे कहना था कि नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल मे शहर मे कोई काम नही हुआ है लगातार भ्रष्टाचार किया जा रहा है इस कारण हम उनके साथ काम नही कर सकते है।
करैरा के बगीचा सरकार हनुमान मंदिर की शपथ के बाद शिवपुरी में राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गया और रूठे हुए पार्षदों को मनाने के लिए केन्द्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वन टू वन चर्चा की गई वहीं शिवपुरी के बीजेपी जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने इन रूठों को मनाने का प्रयास किया।