देवास। शहर में सोमवार से 11 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ हुआ। नगर के कोने-कोने में गणेशोत्सव की रौनक दिखाई देने लगी है।जहा हरतालिका तीज पर्व के उपलक्ष्य में गणेश उत्सव के पंडालों में विशेष संगीतमय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
लाल गेट के राजा पर संस्था सिद्धिविनायक के तत्वावधान में तथा बालगढ़ रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर में संत श्री बालक दास गणेश उत्सव समिति सहित विभिन्न पंडालों में हरतालिका तीज के अवसर पर संगीतमय कार्यक्रम और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। यहां देर रात तक भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना रहा।शहर की महिलाएं पारंपरिक परिधानों में बड़ी संख्या में उपस्थित हुईं और भक्ति गीतों व कीर्तन में शामिल होकर वातावरण को और अधिक पावन बना दिया।
इस अवसर पर शहर की विधायक गायत्री राजे पवार भी विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचीं। उन्होंने गणेश भगवान की आराधना कर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं से मिलकर उन्हें बधाई दी। विधायक ने हरतालिका तीज के पावन अवसर पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।’
गणेशोत्सव को लेकर शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है। जगह-जगह रंग-बिरंगी लाइटों से सजे पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों में उत्साह का माहौल है। आगामी 11 दिनों तक सुबह-शाम आरती, भजन संध्या, सांस्कृतिक आयोजन और धार्मिक प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।