भोपाल। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मध्य प्रदेश के महू में एक राष्ट्रीय स्तरीय संयुक्त सैन्य सेमिनार में शामिल होने पहुंचे। इस तीन दिवसीय आयोजन में देश की तीनों सेनाओं- थलसेना, नौसेना और वायुसेना के शीर्ष अधिकारी युद्ध नीति और आधुनिक तकनीक पर मंथन करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है, जब तीनों सेनाएं युद्ध पद्धति में नवाचार पर चर्चा के लिए एक मंच पर हैं।
सेमिनार में सीडीएस जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह मौजूद रहेंगे। आयोजन के दौरान महू को आज और कल के लिए नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
इस संवाद में युद्ध, युद्ध नीति और आधुनिक तकनीक के प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सेना के अधिकारियों के साथ-साथ रक्षा उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी अपने विचार साझा करेंगे। यह सेमिनार देश की रक्षा तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।