कोटा। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सी.बी.एन.) कोटा की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.021 किलोग्राम अवैध एमडी मेफेड्रोन बरामद किया है। यह कार्रवाई विशिष्ट सूचना के आधार पर तेजा की बेरी, जालौर-बड़मार रोड, तहसील सायला, जिला जालौर क्षेत्र में की गई।
सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति उदयपुर के एक मादक पदार्थ तस्कर को अवैध एमडी मेफेड्रोन की आपूर्ति करने वाला है। इस पर सी.बी.एन. कोटा के अधिकारियों की एक टीम 28 अक्टूबर 2025 को रवाना की गई। संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे तेजा की बेरी क्षेत्र में रोका गया। तलाशी के दौरान, उसके बैग से कुल 2.021 किलोग्राम अवैध एमडी मेफेड्रोन बरामद हुआ।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया और आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त श्री नरेश बुंदेल के मार्गदर्शन में की गई।
जनहित में अपील:
नशे एवं मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नागरिक नीचे दिए गए संपर्क माध्यमों पर सूचित कर सकते हैं-
कंट्रोल रूम: 0744-2438928
व्हाट्सऐप: 8764748232
ईमेल: [email protected]
सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यालय उप नारकोटिक्स आयुक्त, केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कोटा (राजस्थान)