नीमच। जावद तहसील के ग्राम जगेपुर मीणा के किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा।
किसानों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसल का मुआवजा उन्हें मिल चुका है, लेकिन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि अभी तक उनके खातों में जमा नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि फसल बीमा की राशि आर्थिक संकट के समय महत्वपूर्ण सहारा होती है, लेकिन भुगतान में देरी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की कि मामले की जांच कर खरीफ 2025 की लंबित फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। आवेदन देने के दौरान ग्राम जगेपुर मीणा के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।