देवरी खवासा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा की छात्राओं ने मंगलवार को गांव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा देवनारायण चौक, इमली चौक, बस स्टैंड सहित गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं ने देशभक्ति के नारों से पूरे गांव को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। ग्राम पंचायत सचिव दिनेश जोशी के सहयोग से यात्रा को गांव के विभिन्न मार्गों से व्यवस्थित रूप से निकाला गया।
यात्रा के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने, आसपास गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने के लिए जागरूक किया।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में छात्राओं, विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ की सहभागिता से निकली तिरंगा यात्रा ने ग्रामीणों में देशप्रेम और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।