शहडोल। जिले में बदहाल स्कूलों की तस्वीरें तो आपने कई बार देखी होंगी, लेकिन इस बार स्कूल के भीतर जो हुआ, उसने बच्चों की सुरक्षा पर ही सवाल खड़े कर दिए। मासूम बच्चे क्लासरूम में पढ़ाई कर रहे थे, तभी नशे में धुत एक शराबी युवक अंदर घुस आया, फर्श पर लेटकर गाना गाने के बाद वह गाली-गलौच, मारपीट और धमकी पर उतर आया, शिक्षक को गोली मारने की धमकी दी और घंटों क्लासरूम में उत्पात मचाता रहा, जबकि डरे-सहमे बच्चे सामने ही दुबके रहे, शिक्षक की शिकायत पर केशवाही पुलिस ने शराबी के खिलाफ मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय दमकी टोला
दरअसल मामला बुढार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय दमकी टोला की है। युवक शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा और क्लासरूम में बच्चों के बीच जाकर फर्श पर लेट गया। वह कुछ देर तक गाना गाता रहा, इसके बाद अचानक जमीन पर सिर पटकने लगा और गाली-गलौच करते हुए उत्पात मचाने लगा। क्लास में मौजूद शिक्षक ने जब उसे ऐसा करने से रोका तो आरोपी कथित तौर पर और उग्र हो गया। बच्चों के सामने शिक्षक के साथ गाली-गलौच और मारपीट की, इतना ही नहीं, उसने शिक्षक को गोली मारने की धमकी तक दे डाली।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
बदमाश क्लासरूम में इधर-उधर दौड़ता-भागता और हंगामा करता रहा। मामले की शिकायत केशवाही चौकी पुलिस से की, शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस क्लासरूम में बच्चों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिलनी चाहिए, वहां बाहरी व्यक्ति का इस तरह प्रवेश कर घंटों उत्पात मचाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान है। गनीमत रही कि घटना में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।