नीमच। मजदूरी के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से पति को खो चुकी ग्राम भोलियावास निवासी सपना माली मंगलवार को अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना एवं अंत्येष्टि सहायता का लाभ अब तक नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सहायता दिलाने की मांग की।
सपना माली ने बताया कि उनके पति नरेन्द्र कुमार पिता स्व. लालुराम माली मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना-2018 में पंजीकृत थे। 8 अप्रैल 2026 को मजदूरी के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। पति की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी सपना पर आ गई है। उनके दो नाबालिग बच्चे, पुत्री शिवानी और पुत्र हरिश हैं।
सपना का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद बच्चों के भरण-पोषण और परिवार की रोजी-रोटी चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने संबल योजना एवं अंत्येष्टि सहायता के लिए ग्राम पंचायत में संपर्क किया, लेकिन सहायता नहीं मिल सकी।
मंगलवार को सपना ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और संबल योजना के तहत मिलने वाली सहायता एवं अंत्येष्टि सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनके पति योजना में पंजीकृत थे तो नियमानुसार परिवार को उसका लाभ मिलना चाहिए।
सपना माली ने प्रशासन से मामले की जांच कर पात्रतानुसार सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।