मुरैना। पुराने बस स्टैंड, राधिका पैलेस चौराहा पर शाम पांच बजे से मजिस्ट्रेट चेकिंग शुरू हुई। जिला न्यायालय के सीजेएम अजय सिंह की अगुआई में लगभग आधा दर्जन न्यायाधीश सड़क किनार टेंट लगाकर बैठे। इस दौरान कोतवाली, स्टेशन रोड और यातायात थाने की टीआइ की अगुआई में 40 से 50 पुलिसकर्मी वाहनों को पकड़ने के लिए सड़कों पर तैनात किए गए। रात आठ बजे तक चली चेकिंग में बिना नंबर के चार पहिया वाहन, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन, हूटर वाले वाहनों के अलावा अन्य दस्तावेज की कमियों वाले वाहन पकड़े गए। शीशों पर काली फिल्म चढ़ाकर निकले चार पहिया वाहनों को न्यायाधीशों ने पकड़वाकर खुद के सामने शीशों से काली फिल्म उतरवाई। चेकिंग कि दौरान नगर निगम के सभापति राधारमण डंडौतिया भी अपनी फार्चूनर गाड़ी से निकले, जिस पर अवैध तरीके से हूटर लगे होने के कारण मजिस्ट्रेट चेंकिंग में पकड़ी गई। सभापति की गाड़ी को वहीं खड़ा करवा लिया, इसके बाद सभापति गाड़ी को छोड़ बाइक से घर रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे साथ महापौर की गाड़ी भी थी, हम विपक्ष के हैं, इसलिए पुलिसकर्मियों ने मेरी गाड़ी रोड ली, महापौर को जाने दिया।सभापति की गाड़ी पर न्यायाधीश ने 2500 रुपये का जुर्माना किया, हूटर भी उतरवाए गए। मजिस्ट्रेट चेकिंग में ऐसे वाहनों पर दो हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई।