खरगोन। गोगावा में मोहम्मदपुर रोड चाइना गली में प्राइवेट डॉक्टर अमन कृष्णा के क्लीनिक पर निरीक्षण किया गया। सीएम हेल्प लाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। गठित टीम में नायब तहसीलदार योगेश खेड़े पटवारी धर्मेंद्र चौहान, बीएमओ डॉक्टर अहमद रजा खान एवं पुलिस विभाग से मोहसिन जिलानी,सुमित वर्मा द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई में संबंधित डॉक्टर से क्लीनिक पर इलाज करने संबंधित दस्तावेज मांगे गए। जिसमें उनके पास बीईएमएस की डिग्री पाई गई एवं क्लीनिक पर एलोपैथिक इंजेक्शन आयवीं बॉटल, आयवीं सेट, एलोपैथिक गोलियां एवं इंस्ट्रूमेंट पाए गए। संबंधित डॉक्टर अपनी डिग्री पद्धति के अलावा एलोपैथिक डिग्री से इलाज करता हुआ पाया गया। एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा क्लिनिक संचालन हेतु अनुमति भी नहीं ली गई । टीम द्वारा क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए मौके पर पंचनामा बनाकर दवाइयां जप्त कर क्लिनिक को सील कर दिया गया। इसी प्रकार जनता मेडिकल स्टोर के अंदर क्लिनिक संचालित पाया गया जिसकी शिकायत प्राप्त हुई थी।निरीक्षण के दौरान टीम को शिकायत के अनुसार तथ्य सही पाए गए, एवं क्लिनिक संचालन हेतु अनुमति भी नहीं ली गई थी ।जिसे सील कर दिया गया एवं आगे की कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ कार्यालय को अवगत किया गया। बीएमओ ने बताया आगे भी इस तरह की शिकायत पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।