खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम दुर्गापुर के किसानों ने सिंचाई के लिए जरूरी अंबक नाला नहर में पानी न मिलने की गंभीर समस्या उठाई है। किसानों ने राजस्व अनुविभागीय अधिकारी कसरावद को आवेदन देकर बताया कि अंबक नाला नहर में लंबे समय से पानी न आने के कारण उनकी कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलें सूखने लगी हैं।
किसानों ने बताया कि गांव दुर्गापुर की सैकड़ों एकड़ जमीन सिंचाई से वंचित है। कई बार मौखिक आग्रह और शिकायतों के बाद भी अभी तक नहर में पानी छोड़ा नहीं गया,जिसके कारण किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।आवेदन में किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर की मरम्मत एवं पानी छोड़ने की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि फसलों को बचाया जा सके जिससे किसानों को समय पर सिंचाई उपलब्ध हो सके, किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो उनकी पूरी फसल नष्ट होने का खतरा है। साथ ही किसानों को मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ेगा जिसकी जवाबदारी खुद शासन प्रशासन की रहेगी इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।