चित्तौड़गढ़। जैन प्रोफेशनल फोरम (JPF) की कोऑर्डिनेटर टीम की महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम जैन गुरुकुल में आयोजित हुई। बैठक में श्री महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष आदित्येंद्र सेठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं JPF के संस्थापक एवं चयन अधिकारी डॉ. आई.एम. सेठिया तथा श्री महावीर जैन मंडल के महासचिव अरविंद ढिलिवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ, जिसे आशा पोखरना, रितु जैन, अनु सुराणा, मोनिका बोहरा एवं तुषिता सांखला ने प्रस्तुत किया। इसके बाद JPF के मुख्य संयोजक डॉ. अरविंद कुमार सांखला ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने वर्ष 2023 से अब तक JPF की यात्रा, विभिन्न कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए आगामी योजनाओं और संगठन की कार्यप्रणाली पर चर्चा की।
JPF के कार्यों की सराहना-
मुख्य अतिथि आदित्येंद्र सेठिया ने JPF के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्री महावीर जैन मंडल हमेशा तन, मन और धन से जैन प्रोफेशनल फोरम के साथ खड़ा है और भविष्य में भी संगठन को हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
JPF के संस्थापक एवं चयन अधिकारी डॉ. आई.एम. सेठिया ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित JPF को डॉ. अरविंद सांखला एवं मनीष छाजेड़ ने निरंतर प्रयासों से आगे बढ़ाकर एक मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने वर्तमान टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए नवनियुक्त टीम को शुभकामनाएं दीं।
श्री महावीर जैन मंडल के महासचिव अरविंद ढिलिवाल ने सुझाव दिया कि JPF को प्रोफेशनल गतिविधियों के साथ-साथ पीड़ित मानवता की सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि संगठन के माध्यम से समाजसेवा के नए आयाम स्थापित किए जा सकें।
तीन सदस्यों की नई टीम का गठन-
बैठक में उपस्थित JPF के सभी कोऑर्डिनेटर्स की सर्वसम्मति से मुख्य संयोजक टीम-2026 के लिए तीन सदस्यों का निर्विरोध मनोनयन किया गया। इनमें एडवोकेट नरेंद्र पोखरना, सीए नीरव दोशी एवं इंजीनियर तुषार सुराणा शामिल हैं। वर्तमान मुख्य संयोजक डॉ. अरविंद कुमार सांखला एवं मनीष छाजेड़ ने नवनियुक्त मुख्य संयोजक टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आगामी योजनाओं पर हुआ मंथन-
बैठक में आगामी दिनों में प्रोफेशनल सम्मेलन आयोजित करने, JPF स्मार्ट डायरेक्टरी तैयार करने, JPF सर्विस चैनल को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने तथा व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए श्री महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष आदित्येंद्र सेठिया एवं महासचिव अरविंद ढिलिवाल को JPF की सदस्यता ग्रहण करवाई गई। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार सांखला ने अतिथियों को JPF की अब तक की यात्रा एवं प्रमुख कार्यक्रमों पर आधारित ब्रोशर भेंट किया।
बैठक में JPF के विभिन्न कोऑर्डिनेटर्स एवं सदस्य जितेश रांका, अखिल पोखरना, संदीप सेठिया, यश पोखरना, कुलदीप मोदी, रजनीश पितलिया, नितेश सेठिया, उदित जैन, अनिल तारावत, रत्नेश बोहरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीरव दोशी ने किया, जबकि आभार तुषार सुराणा ने व्यक्त किया।