निम्बाहेड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय की टीम ने नुक्कड़ नाटक एवं संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विधाओं की विजेता टीमों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने तथा उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं। कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय की टीम ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और प्रथम स्थान हासिल किया।
नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश-
नुक्कड़ नाटक में मीरा डांगी, गायत्री हरिजन, मनीष कुमावत, ममता वैष्णव, विष्णु जाट, आंचल सोलंकी, शीतल सालवी, प्रीति हरिजन, पवन प्रजापत एवं अन्य टीम सदस्यों ने प्रभावी अभिनय के माध्यम से नशामुक्त समाज और जागरूक युवा का संदेश दिया।
वहीं संगीत प्रतियोगिता में काजल मेघवाल ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों टीमों ने प्रतियोगिता की तैयारी सहायक आचार्य आकाश टांक के निर्देशन में की। तैयारी के दौरान सहायक आचार्य मेघा मंत्री एवं कुसुम गुर्जर का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई-
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की चेयरपर्सन कैलाश चंद्र मूंदड़ा, कुलपति प्रो. महेश दीक्षित एवं अधिष्ठाता डॉ. स्मिता शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समूचे विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अब दोनों विजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम का लक्ष्य जिला स्तर की सफलता को राज्य स्तर पर भी दोहराते हुए जिले एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करना है।