नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 1 से 30 नवम्बर 2025 तक “ऑपरेशन मुस्कान” विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अपहृत एवं गुमशुदा बालकदृबालिकाओं की तलाश के साथ-साथ बाल सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और जागरूकता बढ़ाना है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों एवं कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को गुड टच-बैड टच, महिला संबंधी अपराध, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन सेवाओं डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दें।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने कई शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें शामिल हैं- ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल कनावटी, पी.एम. श्री शासकीय कन्या विद्यालय बघाना, सीएम राइस स्कूल सरवानिया महाराज, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावद, ओशन स्कूल, एमराल्ड एकेडमी डीकेन, सुप्रीम विद्यालय रतनगढ़ तथा शासकीय हाई स्कूल रामपुरा।
इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम, आपातकालीन सेवाओं के उपयोग और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस, परिजनों या शिक्षकों को सूचना देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, डीएसपी महिला सुरक्षा निकिता सिंह, संबंधित थाना व चौकी प्रभारी, स्कूल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।