उज्जैन। उज्जैन ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा की अध्यक्षता में मंगलवार को महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और गंभीर अपराधों की रोकथाम को लेकर उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों उप पुलिस महानिरीक्षक नवनीत भसीन और निमेश अग्रवाल सहित रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, स्कूल–कॉलेज क्षेत्रों को महिला सुरक्षा ज़ोन विकसित करने, महिला हेल्पलाइन 1090 और 112 पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा साइबर सेल को सक्रिय कर महिला संबंधी साइबर अपराधों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। थानों में दर्ज महिलाओं की शिकायतों के संवेदनशील एवं प्राथमिकता से निराकरण पर भी जोर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक ने पूरे ज़ोन में लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए हत्या, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास एवं POCSO एक्ट के प्रकरणों में शीघ्र गिरफ्तारी, प्रभावी विवेचना और साक्ष्य संकलन को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्थापन को लेकर हिट एंड रन घटनाओं पर नियंत्रण, प्रमुख चौराहों पर व्यवस्था सुधार, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में आईजी ने कहा कि महिला सुरक्षा, प्रभावी कानून-व्यवस्था और गंभीर अपराधों की रोकथाम पर मौजूदगी आधारित पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई ही सबसे महत्वपूर्ण हैं।