नीमच। ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना रामपुरा ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक गुमशुदा व्यक्ति को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों से मिलाया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल ने सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा व्यक्तियों को तलाशने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा विजय सागरिया तथा उनकी टीम ने गुमशुदा रोडीलाल पिता रामचंद्र मीणा (45 वर्ष), निवासी अमरपुरा को सुरक्षित दस्तयाब किया।
ऐसे मिली सफलता-
थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का उपयोग किया तथा अन्य जिलों एवं राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध स्थानों पर लगातार खोजबीन की। इन सतत प्रयासों के बाद रोडीलाल को सुरक्षित ढूंढकर उसके परिवार से मिलाया गया, जिससे परिजनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
सराहनीय भूमिका-
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया एवं पुलिस थाना रामपुरा की टीम की सराहनीय भूमिका रही।