सरवानिया महाराज। नगर परिषद सरवानिया महाराज में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद पर उपयंत्री राकेश चौहान को कार्य व्यवस्था की दृष्टि से नियुक्त किया गया है। यह आदेश संयुक्त संचालक नगरी प्रशासन एवं विकास संभाग उज्जैन राजीव निगम द्वारा जारी किया गया। आदेश के बाद गुरुवार, 1 जनवरी 2026 को राकेश चौहान ने नगर परिषद पहुंचकर सीएमओ का पदभार ग्रहण किया।
इसी प्रकार नगर परिषद डिकेन में भी उपयंत्री प्रवीण मुजालदे को मुख्य नगर पालिका अधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि सरवानिया महाराज में पदस्थ सीएमओ अब्दुल रऊफ खान पठान का बुधवार को सेवानिवृत्त होने के कारण यह पद रिक्त हो गया था। वहीं डिकेन में भी श्री खान के पास अतिरिक्त प्रभार होने से वहां सीएमओ का पद खाली हो गया था।
संभागीय संयुक्त संचालक नगरी प्रशासन एवं विकास संभाग उज्जैन द्वारा 31 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के तहत आगामी आदेश या शासन स्तर से नए सीएमओ की नियुक्ति तक दोनों नगर परिषदों में संबंधित उपयंत्रियों को सीएमओ का प्रभार सौंपा गया है।