मुरैना। जिला मुरैना की दो जनपद पंचायतोंकृकैलारस की ग्राम पंचायत सेमई और पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत मानपुर में हाल ही में संपन्न हुए उपचुनावों की मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू हुई। मतगणना प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत सेमई (जनपद पंचायत कैलारस) में प्रत्याशी लाल सिंह धाकड़ और ऋषिकेश शर्मा के बीच सीधा मुकाबला रहा। मतगणना में लाल सिंह धाकड़ को 1106 मत, जबकि ऋषिकेश शर्मा को 857 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार लाल सिंह धाकड़ ने 249 मतों से विजय हासिल की।
वहीं जनपद पंचायत पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत मानपुर में निहाल सिंह गुर्जर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को करीब 115 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
दोनों ही ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। प्रत्याशियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की और संतोष व्यक्त किया।
विजय के बाद ग्राम पंचायत मानपुर से निर्वाचित निहाल सिंह गुर्जर ने बाबा श्याम देव मंदिर, पहाड़गढ़ पहुंचकर दर्शन किए, इसके बाद बरारा माता मंदिर जाकर आमजन से मुलाकात की और बुजुर्गों के चरण छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी तरह ग्राम पंचायत सेमई से विजयी लाल सिंह धाकड़ ने भी हरदेपुरी महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।